Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कलेक्टर के दौरे से पहले हरकत में आया अमला, सुबह से ही शुरू हुआ गड्ढे भरने और सड़क सुधार के काम


टिमरनी । जिले के कलेक्टर के आज बुधवार को प्रस्तावित टिमरनी भ्रमण से पहले प्रशासन और निर्माण एजेंसी पूरी तरह सक्रिय नजर आई। फ्लाईओवर निर्माण के कारण लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े मार्गों और ब्रिज निर्माण स्थल के गहरे गड्ढों को आनन-फानन में भरने का कार्य सुबह से शुरू कर दिया गया। जेसीबी और डंपरों की मदद से मुरम डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया गया, ताकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर दिखाई दें।

पिछले दिनों हुई बारिश के बाद फ्लाईओवर निर्माण के चलते नगर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया था। वार्ड क्रमांक-3 सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गई थीं और लोगों के घरों व दुकानों तक पानी पहुंच गया था। स्थानीय नागरिक लगातार जल निकासी और सड़क मरम्मत की मांग कर रहे थे। शिकायतों के बाद एसडीएम ने भी मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए थे।

बुधवार को कलेक्टर के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी ने ब्रिज निर्माण स्थल पर सफाई, गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया। जहां लंबे समय से निर्माण सामग्री और खुदाई के कारण आवागमन प्रभावित था, वहां मशीनें लगाकर रास्ते को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही सक्रियता पहले दिखाई जाती तो बारिश के दौरान लोगों को जलभराव, खराब सड़कों और आवागमन की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। नागरिकों का आरोप है कि निरीक्षण से पहले केवल औपचारिक रूप से व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं, जबकि स्थायी समाधान अब भी बाकी है।

अब सभी की निगाहें कलेक्टर के निरीक्षण पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, जल निकासी व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश देंगे, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About