हरदा। मूंग खरीदी शुरू कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। कृषि उपज मंडी परिसर में पिछले पांच दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने बुधवार को रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी की थी, लेकिन ब्लड कलेक्शन वाहन नहीं पहुंचने से किसान आक्रोशित हो गए। इसके विरोध में किसानों ने थाली बजाकर प्रदर्शन किया और रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष राजनारायण गौर ने आरोप लगाया कि समाजहित में आयोजित रक्तदान शिविर के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से ब्लड कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन वाहन नहीं भेजा गया। इससे रक्तदान शिविर आयोजित नहीं हो सका। उन्होंने इसे किसानों और सामाजिक सेवा दोनों की उपेक्षा बताया।
किसान नेता श्री गौर ने कहा कि जब तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक किसान धरना स्थल पर वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मूंग खरीदी शुरू होने तक भारतीय किसान संघ का आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने किसानों से चर्चा की। किसानों को बताया गया कि सुरक्षा कारणों के चलते धरना स्थल पर ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया था। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सीएमएचओ से चर्चा के बाद अगले दिन ब्लड कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि रक्तदान शिविर आयोजित हो सके।
प्रशासन के आश्वासन के बाद किसान पुनः मंडी स्थित धरना स्थल पर लौट गए। भारतीय किसान संघ ने कहा कि मूंग खरीदी प्रारंभ होने तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
इनका कहना है -
सुरक्षा कारणों से धरना स्थल पर ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध नही कराया गया था लेकिन CHMO से बात करने के बाद वाहन कल उपलब्ध कराया जाएगा जिसके बाद किसान धरना स्थल पर वापस लौट गए। -अशोक कुमार डेहरिया, एसडीएम हरदा

0 टिप्पणियाँ