9 अगस्त को एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय हरदा में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों के लिए चित्रकला, पोस्टर मेकिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 18 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण जैसे विषयों को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया तथा निबंधों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
15 अगस्त को न्यायालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। साथ ही 9 अगस्त की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला न्यायालय हरदा, तहसील न्यायालय खिरकिया एवं टिमरनी में कार्यरत न्यायाधीशों तथा जिला एवं तहसील अधिवक्ता संघों से जुड़े अधिवक्ताओं के उन बालक-बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके अलावा जिला न्यायालय हरदा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आगामी गतिविधियों, विशेषकर मेगा स्वास्थ्य शिविर की जानकारी भी दी गई। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों से न्यायिक परिवार में सहभागिता, रचनात्मकता, सकारात्मक सोच एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा मिला।