हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पूर्व कार्यकर्ता एवं लंबे समय से सामाजिक, संगठनात्मक और खेल गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले भूपेंद्र सिंह तोमर को भारतीय जनता पार्टी के खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों में हर्ष का वातावरण है।
भूपेंद्र सिंह तोमर ने छात्र जीवन से ही संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में परिसर मंत्री, नगर मंत्री, विकासखंड संयोजक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला सहसंयोजक, जिला संयोजक, विभाग संयोजक, प्रांत खेलो भारत संयोजक एवं प्रांत स्वदेशी प्रमुख जैसे अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। इसके साथ ही वे भारतीय जनता युवा मोर्चा, हरदा के जिला महामंत्री के रूप में भी संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
उनकी संगठन क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं खेलों के प्रति समर्पण को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश सहसंयोजक नियुक्त किया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में खेल गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर उनके समर्थकों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भूपेंद्र सिंह तोमर को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पार्टी एवं खेल प्रकोष्ठ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।