कार्यक्रम में सभी ने भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों को स्मरण किया। इस अवसर पर एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ दिलाई।
एसडीएम बड़ोनिया ने कहा कि आज ही के दिन देश का विभाजन हुआ था। यह भारतीय इतिहास का अत्यंत कठिन और पीड़ादायक दौर था, जिसमें अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई और असंख्य लोगों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि देश आज विभिन्न चुनौतियों से उबरकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हमें विभाजन के दौरान हुई पीड़ा और लोगों की कुर्बानी को सदैव याद रखना चाहिए।
उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ देशहित में कार्य करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में सदैव कार्य करने का संकल्प लिया।