13 और 14 सितंबर को लागू रहेगी विशेष व्यवस्था; खंडवा और हरदा जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
हरदा। गणेश चतुर्थी पर्व पर घंटाघर बाजार में गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 13 और 14 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बाजार में सुगम आवागमन के लिए दो प्रमुख स्थानों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। इन क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हरसूद वाली गली से जामा मस्जिद तक नो-व्हीकल जोन
यातायात पुलिस के अनुसार हरसूद वाली गली से जामा मस्जिद तक के मार्ग को नो-व्हीकल जोन किया गया है। इस दौरान इस मार्ग पर किसी भी वाहन का आवागमन नहीं हो सकेगा। खंडवा की ओर जाने वाले वाहन जामा मस्जिद → जतरा पड़ाव → नर्मदेव धर्मशाला → खेड़ीपुरा नाका होते हुए खंडवा की ओर जा सकेंगे।
वहीं हरदा की ओर आने वाले वाहनों के लिए हरसूद वाली गली → जैसानी चौक → गणेश चौक का मार्ग निर्धारित किया गया है।
गणेश प्रतिमा बाजार में भी वाहनों की एंट्री बंद
इसके अलावा एसबीआई बैंक तिराहा (मिडिल स्कूल गेट नंबर-02) से टांक बंधु चौराहा के बीच गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए लगने वाले बाजार क्षेत्र को भी नो-व्हीकल जोन रखा गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस बल तैनात, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि नो-व्हीकल जोन में वाहन लेकर न जाएं और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
यातायात संबंधी किसी भी असुविधा या सहायता के लिए यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 07577-222104 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से गणेश चतुर्थी पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।