अवैध संबंधों के शक में राजू कलम की हत्या का आरोप, शव को मोटरसाइकिल से सुनसान सड़क पर फेंका था
रहटगांव/हरदा (सार्थक जैन)। रहटगांव थाना पुलिस ने बड़झिरी-बोबदा रोड पर मिले अज्ञात शव के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या अवैध संबंधों के शक के चलते की गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक राजू कलम की हत्या के आरोप में उसके परिचित चुन्नीलाल परते (45) निवासी बंदीमालौर और उसके ससुर रतन परते (60) निवासी बांसपानी को गिरफ्तार किया है।
बड़झिरी-बोबदा रोड पर मिला था शव
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर 2026 को फॉरेस्ट विभाग के बीट गार्ड ने सूचना दी थी कि ग्राम बड़झिरी-बोबदा रोड पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही रहटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 55/26, धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान ग्राम बंदीमालौर निवासी राजू कलम, पिता रामबिलास के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के बाद मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 413/26, धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक शशांक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को हत्या के पीछे अवैध संबंधों से जुड़ा विवाद होने की जानकारी मिली।
संदेह के आधार पर पुलिस ने चुन्नीलाल परते और उसके ससुर रतन परते को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने राजू कलम की हत्या करना स्वीकार किया।
ससुर के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी चुन्नीलाल ने पूछताछ में बताया कि राजू कलम उसके ससुराल आया था और उसकी पत्नी से मिलने की बात को लेकर वह नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने अपने ससुर रतन परते के साथ मिलकर राजू की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से बोबदा और बड़झिरी के बीच सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी उनि. मनोज दुबे, उनि. कौशल दीक्षित, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक प्रदीप रघुवंशी, आरक्षक महेन्द्र, सोनू चोरे, महिला आरक्षक ललिता, अश्वनी सहित रहटगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।