नर्मदापुरम/हरदा। भारतीय मजदूर संघ जिला नर्मदापुरम की जिला बैठक रविवार को नर्मदापुरम में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार एवं श्रमिकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय मजदूर संघ का जिला अधिवेशन आगामी 15 नवंबर 2026 को इटारसी के रानी अवंतिका बाई स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में जिला अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही अधिवेशन में अधिक से अधिक श्रमिकों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की संभाग प्रभारी श्रीमती वंदना राजोरिया, विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी, जिला अध्यक्ष नृपेंद्र सिंह, जिला मंत्री योगेंद्र शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सुनील चौहान, जिला उपाध्यक्ष शिवम उपाध्याय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति यदुवंशी एवं जिलाध्यक्ष कुंती विश्वकर्मा सहित भारतीय मजदूर संघ के जिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला अधिवेशन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।