एफआईआर के अनुसार, फरियादी हर्ष गोयल ने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म के परिसर में लगे लगभग 500 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर से अज्ञात बदमाशों ने ऑयल निकाल लिया तथा कॉपर व अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर ट्रांसफार्मर के पास लगे कैमरों को भी नुकसान पहुंचाकर फरार हो गए।
फरियादी के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो ट्रांसफार्मर खुला हुआ था और उसमें रखा ऑयल व अन्य सामान गायब था। प्रारंभिक आकलन में फर्म को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होना बताया गया है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टिमरनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिंह सेखावत को सौंपी गई है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से उद्योगपतियों एवं व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।