प्रशासन द्वारा एक दिन पूर्व ही नर्मदा नदी में नौकायन पर प्रतिबंध की सूचना जारी कर दी गई थी। इसके साथ ही घाट पर राजस्व अमले, पटवारी एवं बड़ी संख्या में कोटवारों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
तहसीलदार हंडिया श्रीमती पूजा भाटी ने भी घाट एवं आसपास के क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की निगरानी की। प्रशासनिक अमले की सतर्कता के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से स्नान एवं पूजा-अर्चना करने की सुविधा मिली।
सावन माह में हरियाली अमावस्या होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए हंडिया पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का पालन करते हुए नर्मदा में स्नान किया तथा पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। प्रशासन की सूझबूझ और सुरक्षा इंतजामों के चलते पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।