अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित
हरदा। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को सेंट मेरी स्कूल, हरदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
न्यायाधीश एवं सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्रशेखर राठौर ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाकर आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने शिक्षा का अधिकार, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव, नशा उन्मूलन तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई। उन्हें बताया गया कि पात्र व्यक्ति निकटतम एडीआर सेंटर, नालसा पोर्टल तथा टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं पैरालीगल वॉलेंटियर एलके पारे उपस्थित रहे।