जैन धर्मशाला में सजा मेले का रंगीन संसार, विभिन्न व्यंजनों का लोगों ने उठाया लुत्फ; गेम व ज्वेलरी स्टॉल पर भी उमड़ी भीड़
हरदा। जैन महिला परिषद के तत्वावधान में रविवार को जैन धर्मशाला में आयोजित व्यंजन मेला उत्साह, उमंग और मनोरंजन से सराबोर रहा। शाम 3:30 बजे से शुरू हुए मेले में बड़ी संख्या में समाजजनों ने पहुंचकर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन में खाद्य स्टॉल के साथ गेम, ज्वेलरी, डिजाइनर दीये एवं कपड़ों के स्टॉल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
मेले में सार्थक रापरिया द्वारा मंगोडे, क्रिस्पी कॉर्न और फ्लेवर शेक, अभय बड़जात्या के बर्फ के गोले, शीला रापरिया की कटोरी चाट व भेल, प्रज्ञा बजाज एवं ग्रंथ जैन के होममेड कपकेक, जैनम्–दिव्य घोष की साबूदाना खिचड़ी व फाफड़ा, लालू भैया फणीश की आइसक्रीम, पूजा लहरी के खमण और भावना बजाज की मावा कुल्फी ने लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।
इसके अलावा प्रज्ञा अजमेरा के दाल पकवान, फूड कस्टर्ड व कचोरी तथा शिल्पी बजाज के इडली-सांभर और आलोक बड़जात्या की पानी पूरी का भी लोगों ने जमकर स्वाद लिया।
गेम स्टॉल ने बच्चों और युवाओं को किया आकर्षित
मेले में लगाए गए विभिन्न गेम स्टॉल बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। हार्दिक ग्रेवेयक, अक्ष बड़जात्या, ऋषित बजाज, गर्व कठनेरा, तनिष्क बड़जात्या, चर्चित गंगवाल एवं ग्रंथ जैन द्वारा लगाए गए गेम स्टॉल पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने खेलों में भाग लेकर मनोरंजन के साथ मेले का भरपूर आनंद लिया।
ज्वेलरी से लेकर डिजाइनर दीयों तक की रही मांग
मेले में खरीदारी के लिए भी आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। साधना बड़जात्या के ज्वेलरी एवं मल्टीपर्पज आइटम, कुमकुम सिंघई के ज्वेलरी स्टॉल, पर्व रापरिया के डिजाइनर दीये तथा छवी सिंघई के सूट स्टॉल पर महिलाओं ने खरीदारी में रुचि दिखाई।
पूरे आयोजन के दौरान जैन धर्मशाला का परिसर उत्साह और चहल-पहल से भरा रहा। परिवारों ने साथ पहुंचकर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के साथ गेम्स खेले और खरीदारी भी की।
महिला परिषद के प्रयास की सराहना
व्यंजन मेले के सफल आयोजन के लिए उपस्थित समाजजनों ने जैन महिला परिषद की पहल की सराहना की। आयोजन ने न केवल मनोरंजन और खान-पान का अवसर उपलब्ध कराया, बल्कि समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और मिल-जुलकर खुशियां साझा करने का अवसर भी दिया।
मेले में उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह ने आयोजन की सफलता की कहानी बयां की। प्रतिभागियों और आयोजकों के सामूहिक प्रयास से व्यंजन मेला यादगार बन गया।महिला परिषद की गरिमा बाकलीवाल, वैशाली कठनेरा, प्रिती सिंघई, रितु अजमेरा ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।