हरदा (सार्थक जैन)। प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कलेक्टर कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सड़क दुर्घटना में घायल चार लोगों की मदद के लिए तत्काल अपने वाहन रुकवाए और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल चारुवा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदा-खिरकिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच दुर्घटना हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे दोनों अधिकारियों की नजर दुर्घटना पर पड़ी तो उन्होंने बिना देर किए अपने वाहन रुकवाए और मौके पर पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस और नायब तहसीलदार के वाहन से अस्पताल पहुंचाए घायल
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक के वाहन एवं नायब तहसीलदार के वाहन से घायलों को हरदा एवं खिरकिया के अस्पतालों में उपचार के लिए भिजवाया गया।
अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की। दुर्घटना के समय अधिकारियों की इस पहल से घायलों को तत्काल मदद मिल सकी।
मानवीय संवेदनशीलता की पेश की मिसाल
सड़क दुर्घटना के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने वाहन रुकवाकर घायलों की सहायता करना प्रशासन की संवेदनशीलता और मानवीय पहल को दर्शाता है। दोनों अधिकारियों ने यह संदेश दिया कि जनसेवा केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय नागरिकों की मदद करना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कर अधिकारियों ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।