गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के 6 विजेता पशुपालक सम्मानित
हरदा। जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम सोमवार को चारूवा, हरिपुरा स्थित श्री गुप्तेश्वर गौशाला में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने भगवान कृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विधि-विधान से गोवर्धन भगवान का पूजन एवं आरती की तथा गौ-माता का पूजन भी किया गया। उन्होंने गायों को स्नेह पूर्वक दुलारा और उन्हें गुड़ एवं मिष्ठान इत्यादि खिलाया, साथ ही गौशाला परिसर में आम व नीम का पौधा रोपा गया। कार्यक्रम में गौशालाओं में कार्यरत गौ-सेवकों व गौ-प्रेमियों का शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ.आर.के. दोगने, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, कलेक्टर कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, जनपद अध्यक्ष खिरकिया श्रीमती रानू दशरथ पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, कृषि समिति के सभापति ललित पटेल, उप संचालक पशु चिकित्सा अजय रामटेके सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री उइके ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के महत्व को समझाती है। गौमाता का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। गाय के दूध, गोबर और गोमूत्र से अनेक उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। गौमाता का संरक्षण और उनसे प्राप्त उत्पादों का सदुपयोग प्रकृति एवं समाज दोनों के लिए लाभकारी है। उन्होंने कहा कि आज गोवर्धन पूजा का दिन है और गाय की पूजा करने से ब्रह्म लोक की प्राप्ति होती है। अगर घर में नकारात्मक प्रभाव रहता है, तो गौमाता के गोमूत्र के छिड़काव से नकारात्मक प्रभाव समाप्त हो जाता है। श्री उइके ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रतिज्ञा ली है कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश की सभी गौशालाओं में पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति गौशालाओं से जुड़े, उनकी व्यवस्थाओं को समझे और गौसेवा में अपनी सहभागिता निभाए।
➡️ देशी गोवंश संवर्धन को बढ़ावा, गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना: वृंदावन ग्राम सोडलपुर और मगरधा में दुग्ध प्रतियोगिता सम्पन्न
➡️ मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि का अंतरण किया
देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित "गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना" के अंतर्गत हरदा जिलें के वृंदावन ग्राम सोडलपुर एवं मगरधा में 27 से 31 अक्टूबर, 2026 तक दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एकमुश्त डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान वर्चुअल कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री उइके ने गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले 6 पशुपालकों को सम्मानित किया।प्रतियोगिता में जिलें के वृंदावन ग्राम सोडलपुर एवं मगरधा में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली 3 - 3 गायें चयनित हुई। प्रतियोगिता में जिले के टिमरनी विधानसभा के वृंदावन ग्राम सोडलपुर के प्रेम नारायण की गिर गाय 10.897 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान पर रही। द्वितीय स्थान पर ग्राम सोडलपुर के अशोक प्रजापति की मालवी गाय 8.403 लीटर प्रतिदिन तथा तृतीय स्थान पर ग्राम सोडलपुर की हनुमान दास की गिर गाय 8.019 लीटर प्रतिदिन रही।
प्रतियोगिता में हरदा विधानसभा के वृंदावन ग्राम मगरधा के श्री पारस मीना की सहिवार गाय 10.993 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान पर रही। द्वितीय स्थान पर ग्राम मगरधा के रामकृष्ण गौर की सहिवार गाय 7.584 लीटर प्रतिदिन तथा तृतीय स्थान पर ग्राम मगरधा के सदाशिव गौर की सहिवार गाय 7.261 लीटर प्रतिदिन रही। इसी प्रकार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप प्रशिस्त पत्र प्रदान किए गए।