Breaking News

हरदा में होने जा रहा 21 लाख रुपए का महाबली कुश्ती दंगल, पांच लाख रुपए का दिया जाएगा पहला पुरस्कार

हरदा में होने जा रहा 21 लाख रुपए का महाबली कुश्ती दंगल, पांच लाख रुपए का दिया जाएगा पहला पुरस्कार

देश के चुनिंदा पहलवान दिखाएं दाव पेंच, 6 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से नेहरू स्टेडियम पर होगा दंगल

लोकमतचक्र डॉट कॉम। 

हरदा। जिले के इतिहास में पहली बार 21 लाख रुपए का महाबली कुश्ती दंगल होने जा रहा है। इसमें शामिल होने देख के ख्यातनाम कुश्ती पहलवान आ रहे हैं। यह दंगल 6 दिसंबर को दाेपहर 2 बजे से शहर स्थित नेहरू स्टेडियम मैदान पर होगा। 


दंगल के आयोजन को लेकर मंगलवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। महाबली कुश्ती दंगल समिति के अध्यक्ष व भाजपा के जिला मंत्री सूरज विश्नोई ने बताया कि हरदा में महाबली कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसमें पहला मुकाबला हिंदकेसरी अंतरराष्ट्रीय पहलवान रोहित पटेल विश्नोई (सोनखेड़ी, हरसूद ) व भारत केसरी गुरमित सिंह (दिल्ली) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 5 लाख रुपए है। यह पुरस्कार संदीप पटेल देंगे। दूसरा मुकाबला भारत कुमार अमित जाट (रोहतक) व महाराष्ट्र चैंपियन  राजू पाटिल (महाराष्ट्र) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार डेढ़ लाख रुपए है। यह राशि कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार देंगे। 


तीसरा मुकाबला मालवा मेवाड़ केसरी रेहान खान (इंदौर) व पंजाब चैंपियन (पंजाव) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 75 हजार रुपए है। चौथा मुकाबला डबल मप्र केसरी देवेंद्र विश्नोई (नीमगांव) व महाराष्ट्र चैंपियन अनिल जाधव (महाराष्ट्र) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 61 हजार रुपए है।पांचवां मुकाबला राष्ट्रीय चैंपियन विश्वजीत विश्नोई (सालाबैड़ी) व हरियाणा चैंपियन प्रवीण सिंह के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 51 हजार रुपए है। छठा मुकाबला सुल्तान मुवी फेम राहुल विश्नोई (धनगांव)  व हिमाचल केसरी संजय गुप्ता (हरियाणा) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 51 हजार रुपए है। सातवां मुकाबला बुंदेलखंड केसरी जीतू यादव (ग्वालियर) व भारती सेना चैंपियन चंदन पांडे (जबलपुर) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 41 हजार रुपए है। आठवां मुकाबला मप्र हेवीवेट चैंपियन मूसा खान (इंदौर) व भिंड केसरी बल्लू गुर्जर (मुरैना) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 41 हजार रुपए है। 

नौवां मुकाबला मप्र चैंपियन विजय भाटिया (इंदौर) व झांसी केसरी शैतान सिंह गुर्जर (झांसी) के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 31 हजार रुपए दिया जाएगा। दसवां मुकाबला खंडवा केसरी शुभम यादव व ग्वालियर चैंपियन रमन सरां के बीच होगा, जिसका पुरस्कार 21 हजार रुपए दिया जाएगा। इसके अलावा श्रीराम अखाड़ा हरदा के सन्नी यादव, बाल हनुमान अखाड़ा हरदा के कल्लू पहलवान, गुप्तेश्वर अखाड़ा हरदा के नरेंद्र पहलवान तथा मनपुरा अखाड़ा हरदा के अज्जू खान की कुश्ती भी होगी। पत्रकार वार्ता के दौरान सतीष विश्नोई, भूपेंद्र विश्नोई, अनिल विश्नोई, अवध विश्नोई, आत्माराम विश्नोई, चंदू विश्नोई, अनिल गामा, जीतू विश्नोई, उदय विश्नोई, अभिषेक विश्नोई अमिल देवड़ा आदि मौजूद थे।

दंगल का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना है :

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष सूरज विश्नोई ने कहा कि आज का युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है। हमें हर हाल में युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास करना होगा। महाबली कुश्ती दंगल करने के पीछे भी यही उद्देश्य है कि युवा नशे की तरफ ना जाते हुए कुश्ती प्रेमी बने। उन्होंने कहा कि इस दंगल से प्रेरित होकर अगर एक युवा भी कुश्ती से जुड़ता है तो मैं समझूंगा कि यह आयोजन सफल हो गया। 

पहलवान मिट्टी पर दिखाएंगे करतब :

दंगल के दौरान पहलवान मिट्टी पर करतब दिखाएंगे। समिति अध्यक्ष विश्नोई ने बताया कि देसी स्टाइल में कुश्ती होने जा रही है, जिसमें पहलवान मिट्टी पर मुकाबला करेंगे। पहलवानों के बीच होने वाले मुकाबले का निर्णय भी तत्काल मौके पर किया जाएगा। कुल 14 मुकाबल होंगे, जिसमें से चार पहलवानों के मुकाबल अलग होंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं