Breaking News

बालिका दिवस पर मुख्यमंत्री ने शुरू किया पंख अभियान

बालिका दिवस पर मुख्यमंत्री ने शुरू किया पंख अभियान 

बेटियां सशक्त होंगी तभी राष्ट्र सशक्त होगा - कमल पटेल


पंख अभियान में हरदा जिला शामिल, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से किया शौर्य दल कार्यकर्ताओं से संवाद 

हरदा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में बेटियों को सशक्त और समर्थ बनाने के लिए पंख अभियान शुरू किया गया है। हरदा जिला इस अभियान में शामिल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश भर में शौर्य दल से जुड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनके कार्य की सराहना की और महिलाओं के विरूद्ध अपराध करने वालों को सख्त चेतावनी दी। किसान नेता एवं कृषि मंत्री कमल पटेल गृह जिले हरदा से कार्यक्रम में शामिल हुए, उन्होंने अभियान पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि जब बेटियां सशक्त होंगी तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। 

हरदा के जिला कलेक्टर कार्यालय में बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री कमल पटेल के साथ खेड़ीपुरा हरदा निवासी सलोनी राठौर, मानपुरा हरदा निवासी वर्षा योगी, ग्राम आलमपुर निवासी मना मण्डलेकर सहित शौर्य दल से जुड़ी अनेक कार्यकर्ता मौजूद थीं। छेड़छाड़ की रोकथाम, शालात्यागी बच्चों को स्कूल भेजने, घरेलू हिंसा और ब्लेकमेल के खिलाफ यह कार्यकर्ता प्रभावी काम कर रही हैं। मना मंडेलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकीं हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा संवाद किया और इनके कार्य की सराहना की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों के बिना सृष्टि नहीं चल सकती, यह भारतीय संस्कृति की देन है कि यहां बेटो की पूजा नहीं होती केवल बेटियो की पूजा होती है। बेटियो को बोझ नहीं वरदान बनाया जाएगा, उन्होंने कहा कि पहले मैं लिबरल था लेकिन अब नहीं हूं। प्रदेश को बचाने के लिए सख्त कदम उठाऊंगा। 

कृषि मंत्री कमल पटेल ने बालिका दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में अब पंख अभियान शुरू हुआ है इसमें महिला बाल विकास, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग एक साथ बेटियों की चिंता करेंगे और उन्हें स्वस्थ, साक्षर और सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे। मंत्री कमल पटेल ने कहा कि जब बेटियां सशक्त होंगी तभी राष्ट्र सशक्त होगा, उन्होंने कहा कि जब बेटी शिक्षित और स्वस्थ होगी तभी वह सशक्त होगी। राज्य में आरंभ हो रहे पंख अभियान का यही उद्देश्य है। पंख का उद्देश्य उसके नाम से ही लिया गया है पी से प्रोटेक्शन / संरक्षण, ए से अवेयरनेस / जागरूकता,  एन से न्यूट्रीशन / पोषण, के से नालेज/ ज्ञान और एच से हेल्थ-हाईजीन / स्वास्थ्य और स्वच्छता। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि अभियान अपने उद्देश्य में पूरी तरह सफल होगा और प्रदेश की बेटियां सशक्त बनकर अपना और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं