Hot Posts

6/recent/ticker-posts

“पीड़ित मानव की सेवा ही सच्ची माधव सेवा” — बड़झिरी आगजनी पीड़ितों के लिए हरदा की सामाजिक संस्थाओं का सराहनीय सहयोग अभियान

हरदा । जिले के बडझिरी क्षेत्र में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना ने 8 परिवारों को पूरी तरह से बेघर कर दिया। देखते ही देखते उनके आशियाने जलकर खाक हो गए और वे जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं से भी वंचित हो गए। इस दर्दनाक स्थिति में स्थानीय महिला एवं सामाजिक संस्थाओं ने संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय देते हुए एकजुट होकर राहत कार्य शुरू किया।

“पीड़ित मानव की सेवा ही सच्ची माधव सेवा है” की भावना को साकार करते हुए विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। इस सहयोग अभियान में मारवाड़ी अग्रवाल समाज न्यास, जीन माता समिति, सेवा भारती मध्य भारत, मध्य प्रदेश वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन (हरदा इकाई), मध्यप्रदेश अग्रवाल महिला महासभा एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की सक्रिय भूमिका रही।

संस्थाओं द्वारा राहत सामग्री के रूप में पीड़ित परिवारों को 16 टीन, 8 बड़ी पेटी, 8 कोठी, 8 बाल्टी, 25-25 बर्तनों के 8 सेट, दैनिक उपयोग की सामग्री (सर्फ, साबुन आदि) की 8 किट, चावल, आटा, मसाले, साड़ियाँ, कपड़े, अचार, डिब्बे, बिस्किट, नाश्ता सहित 100 जोड़ी चप्पल एवं अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई।

इस सेवा कार्य में कई समाजसेवियों और पदाधिकारियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से सहयोग देने वालों में रेखा अग्रवाल, कविता अग्रवाल, पूनम बंसल, अनीता जैन, ममता अग्रवाल, सविता बंसल, सीमा गोयल, रितु अग्रवाल, अर्चना बंसल, सरिता अग्रवाल, निशा जैन, किरण अग्रवाल, सुनीता गोयल, मनीषा बंसल, ज्योति अग्रवाल, भावना जैन सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

सभी संस्थाओं के सदस्यों ने मिलकर न केवल सामग्री वितरित की, बल्कि पीड़ित परिवारों को मानसिक रूप से भी संबल प्रदान किया। इस कठिन घड़ी में मिला यह सहयोग उनके लिए नई उम्मीद लेकर आया है।

यह पहल समाज में एकता, करुणा और सेवा की भावना का जीवंत उदाहरण है, जो यह दर्शाती है कि जब समाज एकजुट होता है तो बड़ी से बड़ी विपत्ति का सामना भी मजबूती से किया जा सकता है। उक्त प्रभावित परिवारों को क्षेत्रिय विधायक, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन सहित राजनैतिक दलों द्वारा खुलै दिल से सहयोग प्रदान कर यह सिद्ध किया है कि हरदा ऐसे ही हृदय नगर नहीं कहलाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About