Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भादूगांव में वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ: जैन समाज ने भक्ति भाव से निकाली घट यात्रा, दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान

हरदा । जिले के टिमरनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भादूगांव स्थित श्री पार्श्वनाथ जिनालय में नवीन वेदी स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय “वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव” का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक घट यात्रा के साथ हुई, जिसमें जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिष्ठाचार्य पंडित ऋषभ कुमार शास्त्री (सागर) के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रातः 8 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद सुबह 9:30 बजे भव्य घट यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में धर्मध्वजा के साथ घट यात्रा में शामिल हुए ।

इसके पश्चात 11 बजे वेदी शुद्धि का आयोजन किया गया तथा दोपहर 12 बजे सामूहिक भोजन (भोजन प्रसादी) का आयोजन हुआ। दोपहर 2 बजे याग मंडल विधान के साथ धार्मिक क्रियाएं और अनुष्ठान विधिपूर्वक संपन्न किए गए।

जैन समाज हरदा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महोत्सव में जिले भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे ग्राम भादूगांव में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

मंदिर सै जुड़े नवनीत जैन ने बताया की महोत्सव के दूसरे दिन भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें वेदी प्रतिष्ठा की मुख्य विधि संपन्न होगी। आयोजन को सफल बनाने में जैन समाज के सदस्यों का सक्रिय सहयोग देखने को मिल रहा है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता और संस्कारों के संरक्षण का संदेश भी दे रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About