महिला हिंसा के विरूद्ध जागरूकता चलाने "सम्मान अभियान" अंतर्गत संगोष्ठी का हुआ आयोजन
हरदा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से महिला हिंसा के विरूद्ध जागरूकता अभियान ”सम्मान अभियान” अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन बालगृह भवन खण्डवा बायपास रोड़ हरदा में किया गया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास हरदा संजय त्रिपाठी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु जागरूक किया गया एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया गया।
प्रशासक वन स्टॉप सेंटर हरदा श्रीमति सुचिता एक्का द्वारा महिला के विरूद्ध हिंसा होने पर वन स्टॉप सेंटर द्वारा सहायता प्रदान करने एवं महिलाओं/बालिकाओं के सामाजिक पुर्नवास करने तथा वन स्टॉप सेंटर हिंसा पीडि़त महिला/बालिका को पुलिस, विधिक, चिकित्सा, आश्रय, परामर्श एवं आपातकालीन सहायता प्रदान करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर महिला हेल्पलाईन हेतु टोल फ्री नम्बर 181 के द्वारा भी महिला, हिंसा की शिकायत दर्ज करा सकती है एवं वन स्टॉप सेंटर के पम्पलेट वितरित किये गये। इस संबंध में जानकारी दी गई।
महिला अपराध शाखा जिला हरदा से निरीक्षक बबिता धुर्वे द्वारा महिला एवं बालिका हिंसा के विरूद्ध जागरूकता संबंधी पीपीटी दिखाई गई तथा उपस्थित बालिकाओं को हिंसा से बचाव हेतु सुरक्षात्मक उपाय बनाए गए। कार्यक्रम का समापन सहायक संचालक राहुल दुबे द्वारा महिला सुरक्षा शपथ दिलाकर किया गया।
कार्यक्रम में महिला बाल विकास से जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी, सहायक संचालक राहुल दुबे एवं प्रीति साहु, प्रशासक वन स्टॉप सेंटर हरदा सुचिता एक्का, महिला अपराध शाखा हरदा से निरीक्षक बबिता धुर्वे एवं महिला बाल विकास का स्टॉफ उपस्थित रहा।

0 टिप्पणियाँ