Breaking News

नर्मदा में गिरी महाराष्ट्र की बस, धार जिले में हुआ हादसा, अशोकनगर में कुएं में गिरी कार

नर्मदा में गिरी महाराष्ट्र की बस, धार जिले में हुआ हादसा, अशोकनगर में कुएं में गिरी कार

भोपाल : सोमवार को धार जिले के खलघाट में सोमवार सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में जा गिरी। इसमें 40 यात्री सवार बताए जा रहे थे। अब तक 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। हादसा सुबह  10.15 बजे के करीब हुआ। उधर अशोकनगर में एक कार कुएं में जा गिरी है।

बताया गया है कि खलघाट में टू-लेन पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करते समय बस क्रमांक एमएच 40 एन 9848 बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बस इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर जा रही थी। इंदौर से घटनास्थल की दूरी करीब 90 किमी है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पहले 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया। इसके करीब दो घंटे बाद फिर गृहमंत्री ने बताया कि बस में 14 से 15 लोग ही सवार थे और किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हालांकि, बस में कितने यात्री सवार थे ? इसकी पुष्टि अब तक प्रशासन ने नहीं की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। महाराष्ट्र की बस होने की वजह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घटना की जानकारी दी।

हादसा आगरा-मुंबई (AB रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वह दो जिलों- धार और खरगोन की सीमा पर बना है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान


हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की पहचान हो गई है। तीन लोग राजस्थान, एक इंदौर (मध्यप्रदेश) और बाकी महाराष्ट्र से हैं। शवों को धामनोद (धार, मध्यप्रदेश) के सरकारी अस्पताल में रखा गया है।

चेतन पिता राम गोपाल जांगिड़, नांगल कला गोविंदगढ़ (जयपुर - राजस्थान)

जगन्नाथ (70) पुत्र हेमराज जोशी, मल्हारगढ़ (उदयपुर - राजस्थान)

प्रकाश (40) पुत्र श्रवण चौधरी, शारदा कॉलोनी अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)

नीबाजी (60) पुत्र आनंदा पाटिल, निवासी पीलोदा अमलनेरगां (जलगांव - महाराष्ट्र)

कमला बाई (55) पत्नी नीबाजी पाटिल, पिलोदा अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)

चंद्रकांत (45) पुत्र एकनाथ पाटील, अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)

अरवा (27) पत्नी मुर्तजा बोरा, मूर्तिजापुर (अकोला - महाराष्ट्र)

सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, नूरानी नगर (इंदौर - मध्यप्रदेश )

राजू पुत्र तुलसीराम मोर, रावतभाटा (चित्तौड़गढ़ - राजस्थान)

अविनाश पुत्र संजय परदेसी, पाटन सराय अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)

विशाल (33) पुत्र सतीश बहरे, विर्देल (धुले महाराष्ट्र)

कृषि मंत्री एवं खरगोन जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने खलघाट के पास नर्मदा नदी में इंदौर से पुणे जा रही यात्री बस हादसे में ट्वीट करते हुए कहा कि समाचार अत्यंत दुखद है। बचाव दल के साथ खरगोन के कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं।बचाव कार्य जारी है।घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ मृतकों को ईश्वर अपने चरणों में स्थान दे।

सोमवार को कुएं में गिरी कार

उधर अशोकनगर-पिपरई मार्ग पर सोमवार दोपहर कार सड़क से नीचे उतरकर कुएं में गिर गई। कार में से एक शव निकाल लिया गया है। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि कार में कितने लोग सवार थे। देहात पुलिस सर्च कर रही है। गाड़ी अशोकनगर से पिपरई की ओर जा रही थी। पिपनावदा गांव के पास हादसा हो गया। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया, एसडीईआरएफ की टीम भी मौके पर है।

कोई टिप्पणी नहीं