जानलेवा शौक: भिरंगी रेलवे स्टेशन के पास गेट पर बैठकर रील बना रहा था युवक, संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरा
हरदा। सोशल मीडिया पर रील (Reels) बनाने का क्रेज युवाओं के लिए कितना जानलेवा साबित हो रहा है, इसका एक और खौफनाक उदाहरण शुक्रवार सुबह हरदा जिले में देखने को मिला। मुंबई-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन के गेट पर बैठकर रील बना रहा एक 19 वर्षीय युवक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेन में चीख-पुकार मच गई।
पुणे से गांव लौट रहा था अर्जुन, गेट पर बना रहा था रील
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के आरा जिले के कोईलोबर निवासी अर्जुन (19 वर्ष, पिता अशोक व्यास) पुणे की एक निजी कंपनी में काम करता था। कंपनी में काम बंद होने के कारण वह अपने चचेरे भाई सन्नी शर्मा और अरविंद कुमार के साथ वापस अपने गांव लौट रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, यात्रा के दौरान अर्जुन ट्रेन के गेट पर बैठकर किसी अन्य युवक के साथ मोबाइल से रील बनाने में मग्न था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह भिरंगी रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से सीधे नीचे जा गिरा।
चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, शव लेकर हरदा स्टेशन पहुंची पुलिस
हादसा होते ही बोगी में हड़कंप मच गया और यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन क्रमांक 01449 (दानापुर स्पेशल फेयर एक्सप्रेस) को रोका। इसके बाद अर्जुन के लहूलुहान शव को उठाकर उसी ट्रेन में रखा गया और हरदा रेलवे स्टेशन लाया गया। सूचना मिलते ही हरदा जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 की मदद से शव को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
एक साल पहले ही हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक अर्जुन अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और घर का कमाऊ सदस्य था। महज एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। अर्जुन की मौत की खबर जैसे ही बिहार में उसके घर पहुंची, शादी वाले घर में कोहराम मच गया। हरदा पुलिस ने घटना की आधिकारिक सूचना बिहार में मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के हरदा पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

0 टिप्पणियाँ