टिमरनी । गोदगांव में रविवार रात एक भालू के दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। रात करीब 11 बजे भालू एक पेड़ पर बैठा नजर आया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात पेड़ के नीचे भालू की निगरानी करती रही।
सोमवार सुबह भालू को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने भालू को पेड़ से नीचे उतारने के लिए पानी की बौछार की, लेकिन पानी खत्म होने के बावजूद भालू नीचे नहीं उतरा। इसके बाद पेड़ की डालियां काटी गईं, जिससे भालू नीचे गिर गया। वन विभाग की टीम ने उसे बेहोश करने के लिए इंजेक्शन भी लगाए, लेकिन भालू जाल के नीचे से निकलकर भाग गया।
भागते हुए भालू गंगेश्वरी स्थित एक मकान में घुस गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मकान के चारों ओर जाल बिछाकर घेराबंदी की। ग्रामीणों के सहयोग से भालू को आखिरकार जाल में फंसाया गया। टीम ने उसके पैर बांधकर सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया और अपने साथ ले गई।
करीब चार घंटे तक चले इस रेस्क्यू अभियान के बाद भालू को पकड़ने में सफलता मिली। भालू को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। तेज धूप के बावजूद ग्रामीण पूरे अभियान के दौरान डटे रहे। वन विभाग ने भालू को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ