अपमान और असुरक्षा के चलते तहसीलदार आज से हड़ताल पर, कलेक्टरों को दी सूचना
भोपाल - प्रदेश भर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आज से अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। तहसीलदारों की यह हड़ताल अफसरों के साथ मारपीट और अपमानजनक कार्यवाही पर एक्शन नहीं होने के विरोध में की गई है। इसके लिए राजस्व अधिकारी संघ ने शासन को ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की थी लेकिन कोई एक्शन नहीं लिए जाने के बाद आज से हड़ताल पर जाने का फैसला किया गया। जिलों में कलेक्टरों को सीएम के नाम पर ज्ञापन सौंपा गया।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मप्र राजस्व अधिकारी (कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा) संघ ने कहा है कि पिछले दिनों संघ ने इसकी जानकारी शासन को दी थी। इसमें सतना जिले के उचेहरा में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा पर जानलेवा हमले के नामजद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किए जाने और अनूपपुर जिले के कोतमा तहसील के राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले रमेश गुप्ता पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई थी। गुप्ता के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई। इसके पहले सीधी जिले के कुसुमी तहसीलदार लवलेश मिश्रा पर भी हमला हो चुका है। संघ ने कहा है कि मांगों पर कार्यवाही नहीं होने से संघ के सभी सदस्य अपमानित तथा आहत हैं और शासकीय काम के दौरान असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। आरोपियों पर एक्शन नहीं होने के विरोध में 28 दिसम्बर से हड़ताल पर जाने की सूचना पूर्व में ही शासन को दी गई थी। इसलिए आज से तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकाल के हड़ताल पर जा रहे हैं।


0 टिप्पणियाँ