Breaking News

मध्यप्रदेश में भगवान महावीर और 24 तीर्थकरों के वीरपद पाठ्यक्रम में शामिल : CM डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश में भगवान महावीर और 24 तीर्थकरों के वीरपद पाठ्यक्रम में शामिल : CM डॉ. मोहन यादव

दमोह जिले के कुण्डलपुर में आचार्य समय सागर जी के पदारोहण महामहोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लोकमतचक्र डॉट कॉम। 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को दमोह जिले के कुण्डलपुर में मुनिश्री समय सागर महाराज के आचार्य पदारोहण महामहोत्सव में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंच से मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान महावीर स्वामी के वीरपदों एवं 24 तीर्थंकरों के वीरपदों को पाठ्यक्रम में हिस्सा दिया गया है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कहा कि आज आचार्य पदारोहण महामहोत्सव में आकर ऐसा लग रहा है कि देवताओं की आंखें भी इस दृश्य को देखने के लिए उत्सुक होंगी। आचार्य समय सागर जी महाराज के पदारोहण के इस दृश्य को देखकर हम सभी इसे समझने की कोशिश करते रहेंगे, लेकिन सही अर्थ में यह हमें समझ में नहीं आएगा कि हम कौन सी दुनिया में पहुंच गए हैं।उन्होंने ने कहा कि ऐसा लग रहा है परमात्मा ने यह क्षण देकर हमारे जीवन को धन्य कर दिया है। मैं आपको प्रणाम करता हूं और धन्यवाद व्यक्त करता हूं। 


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा भारत की विशेषता और परमात्मा की कृपा है कि इस पृथ्वी पर कई जन्मों के पुण्य के बाद मृत्यु लोक में ऐसे कुछ क्षण मिलते हैं, जो हमारे जीवन को धन्य कर जाते हैं। मानव से महामानव और महामावन से देवत्व धारण कर लें, ऐसे देवता के दर्शन हो जाए तो वाकई जीवन धन्य हो जाता है। ऐसा लगता है अब इस घड़ी के बाद कुछ बचा नहीं, सब कुछ प्राप्त हो गया है। डॉ यादव ने कहा कि अपने जीवन काल में आचार्य विद्यासागर जी महाराज जीते जी देवत्व धारण कर गये, उनकी कृपा से हमारी सरकार बनी तो पहली कैबिनेट में उन निर्णयों का समावेश किया जिस कारण से हमारी सनातन संस्कृति युगो-युगो से दुनिया में अलग जानी जाती है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति: 2020 लागू हुई है, जिसके माध्यम से भारत को गौरवशाली भारत के रूप में जाना जाएगा। उस गौरवशाली भारत की भावी पीढ़ी को उस लायक बनाया जाएगा, जिसके कारण वह गर्व महसूस कर सके और गौरान्वित हो सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सागर में शुरू किए जाने वाले आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज का नाम आचार्य विद्यासागर महाराज के नाम से किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया कि खुले में मांस नहीं बिकने दिया जाएगा, जिसका पालन भी करवाया गया है।मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने  आचार्य श्री समय सागर जी महाराज और जैन मुनियों से आशीर्वाद लिया। 

इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, पंचायत एवं ग्रामीण तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व न्यास एवं धार्मिक न्याय राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, पूर्व मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डाँ रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक उमादेवी खटीक,  शैलेन्द्र जैन, पूर्व विधायक अजय टंडन एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं