Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हरदा जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रम सम्पन्न

अबगांवखुर्द में 134, टिमरनी में 43 व मांदला में 22 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे

हरदा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 200 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे। इस दौरान जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांवखुर्द में 134 जोड़े, नगर पालिका परिषद टिमरनी द्वारा कृषि उपज मण्डी टिमरनी में 43 जोड़े तथा जनपद पंचायत खिरकिया द्वारा ग्राम मांदला में 22 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे।

टिमरनी के कृषि उपज मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में 43 नवदम्पत्तियों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इसके अलावा एक अन्य जोड़ा, जिसका पंजीयन नहीं सका था, वह अपनी स्वेच्छा से बगैर योजना के लाभ लिए इस सम्मेलन में सम्मिलित हुआ, जिसे नगर परिषद एवं समाज सेवियों द्वारा लगभग 10 हजार रुपये के उपहार तथा 20 हजार रुपये नगद राशि भेंट की गई। 

उपस्थित अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में विशेष रूप से बारात भ्रमण नगर के प्रमुख मार्ग से घोड़े, बग्गी ओर डीजे के साथ धूमधाम से निकली, जहां जनप्रतिनिधियों एवं वर पक्ष द्वारा डांस किया गया, इसके साथ ही वर-वधु सेल्फी पॉइंट तथा विशेष भोजन व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज, उपाध्यक्ष राजा कौशल, पार्षद सुनील दुबे, बलराम डूडी, टिमरनी एसडीएम संजीव कुमार नागू, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसी प्रकार विकासखण्ड हरदा के ग्राम अबगांवखुर्द में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गेहलोत, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेवा धर्मेन्द्र पटेल, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर वर वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए शुभकामनाएं दी। खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम मांदला में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व मंत्री कमल पटेल, जनपद अध्यक्ष खिरकिया, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर वर वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए शुभकामनाएं दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About