Hot Posts

6/recent/ticker-posts

💔 रिश्तों का काला सच: मामी के प्यार में अंधा भांजा बना हत्यारा

➡️ अवैध संबंध बना खून की वजह, मामा की हथौड़े से बेरहमी से हत्या

हरदा (सार्थक जैन/स्वासिक गंगवाल) । जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामी के साथ अवैध संबंधों के चलते एक भांजे ने अपने ही मामा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सच उजागर हो गया।

15 अप्रैल 2026 को मृतक विश्राम गाठे के पुत्र कन्हैया गाठे ने थाना कोतवाली में सूचना दी थी कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है और वे घायल अवस्था में खलिहान के पास पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर, आंख और मुंह पर गंभीर चोटें थीं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में मामला एक्सीडेंट का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को पलट दिया। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि चोटें सड़क दुर्घटना से नहीं बल्कि किसी हमले की हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक का भांजा अजय बिल्लौरे अपने साथी सचिन निषोद के साथ मोटरसाइकिल पर संदिग्ध रूप से इलाके में घूमता देखा गया था। साथ ही यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि मृतक की पत्नी क्षमाबाई और अजय के बीच पिछले 6 वर्षों से अवैध संबंध थे।

पूछताछ में आरोपी अजय बिल्लौरे ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मामा विश्राम गाठे इस संबंध का विरोध करते थे और मामी के साथ मारपीट भी करते थे। इसी रंजिश में अजय ने अपने दोस्त सचिन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

14 अप्रैल की रात दोनों आरोपी रन्हाईकला पहुंचे और क्षमाबाई के फोन का इंतजार करने लगे। जैसे ही सूचना मिली कि विश्राम गाठे खलिहान की ओर गए हैं, दोनों ने उनका पीछा किया। मौका मिलते ही सचिन ने उन्हें पकड़ लिया और अजय ने लोहे के हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और इसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और तकनीकी जांच के चलते सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 16 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों अजय बिल्लौरे और सचिन निषोद को गिरफ्तार कर लिया है।

🔍 पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने में उपनिरीक्षक संतोष रघुवंशी, सोहन सिंह राजपूत सहित पूरी टीम और साइबर सेल हरदा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जब रिश्तों की मर्यादा टूटती है, तो उसका अंजाम बेहद भयावह हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About