हरदा/रहटगांव। जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अलग-अलग स्थानों पर नहर में दो शव तैरते हुए पाए गए। ग्रामीणों की सूचना पर रहटगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए टिमरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
खेत में पानी देने गया था मानसिंह, नहर में मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, पहला शव ग्राम नकवाड़ा के पास नहर में देखा गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने जब शव को बाहर निकाला, तो उसकी पहचान ग्राम रैसलपुर निवासी मानसिंह (पिता शिवराम टेकाम) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मानसिंह खेत में लगी मूंग की फसल में पानी देने के लिए गया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मानसिंह का पैर फिसलने से वह नहर में गिरा या मौत का कोई और कारण है।
फुलड़ी के पास मिले दूसरे शव की पहचान नहीं, सिवनी बानापुरा से बहकर आने की आशंका
वहीं, दूसरी घटना में ग्राम फुलड़ी के पास नहर में एक और अज्ञात शव तैरता हुआ मिला। पुलिस द्वारा काफी प्रयास किए जाने के बाद भी समाचार लिखे जाने तक इस शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। रहटगांव पुलिस का अनुमान है कि यह शव सिवनी बानापुरा क्षेत्र की ओर से नहर के तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा है। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ़ होंगे मौत के कारण
रहटगांव थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर डायरी जांच में ले ली है। थाना प्रशासन का कहना है कि दोनों शवों को टिमरनी भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ