Breaking News

मेयर इलेक्शन : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, गृहणियों पर BJP का दांव, जानें प्रत्याशी की पारिवारिक स्थिति

मेयर इलेक्शन : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, गृहणियों पर BJP का दांव, जानें प्रत्याशी की पारिवारिक स्थिति

लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल : भाजपा ने 16 में से जिन 15 नगर निगम के प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, उनमें हायर सेकेंडरी से एमबीबीएस तक की योग्यता रखने वाले कैंडिडेट शामिल हैं। खास बात यह है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षकीय दायित्व निर्वहन करने वालों पर भी पार्टी ने भरोसा रखते हुए दांव खेला है। इनमें से दो कैंडिडेट ऐसे हैं जिन्हें अनारक्षित महिला और अनारक्षित मुक्त श्रेणी के अंतर्गत सामान्य वर्ग के बजाय ओबीसी वर्ग से टिकट दिया गया है। 

तीस साल से बीजेपी से जुड़े हैं प्रबोध

रीवा से महापौर प्रत्याशी बनाए गए 51 साल के प्रबोध व्यास बीकॉम तक पढ़े हैं और 1990 से भाजपा से जुड़े हैं। व्यास वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा मध्यप्रदेश हैं। वे नगर निगम रीवा में एल्डरमैन भी रहे हैं। साथ ही जन अभियान परिषद और दूरसंचार व रेलवे उपभोक्ता मंडल के सदस्य भी रहचुके हैं। 

बचपन से संघ की गतिविधियों से जुड़े योगेश ताम्रकार

सतना महापौर प्रत्याशी बनाए गए योगेश कुमार ताम्रकार के पिता स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार आरएसएस में क्षेत्रीय प्रचारक रहे हैं। इस कारण 58 वर्षीय योगेश बचपन से संघ से जुड़े रहे हैं। योगेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में सन 1978 से 30 वर्षों तक विभिन्न दायित्व का निर्वहन कर रहे है एवं सन 1982 में तृतीय वर्ष शिक्षित हुए हैं। बीकॉम स्नातक योगेश वर्तमान में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

 असिस्टेंट कमिश्नर हैं अनंत धुर्वे

छिंदवाडा महापौर प्रत्याशी अनंत कुमार धुर्वे आदिवासी (परधान) हैं और हायर सेकेंडरी तक शिक्षित हैं। 33 साल से नगरीय प्रशासन विकास विभाग से जुड़कर विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे साठ साल के धुर्वे वर्तमान में असिस्टेंट कमिश्नर नगरपालिका निगम छिंदवाड़ा में पदस्थ हैं। 

हायर सेकेंडरी पास हैं गीता

देवास महापौर प्रत्याशी गीता अग्रवाल हायर सेकेण्डरी पास हैं और 49 साल की हैं। भाजपा ने देवास की अनारक्षित महिला सीट से उन्हें कैंडिडेट बनाया है। उनके समक्ष चुनाव में अपनों को साधने और तालमेल बनाकर चुनावी जंग में सक्रियता रखने की चुनौती रहेगी। 

राजनीति से जुड़ी रही हैं संगीता

सागर महापौर प्रत्याशी संगीता तिवारी के पति डॉ. सुशील तिवारी भाजपा से जुड़े रहे हैं। वे भाजपा में विभिन्न पदों पर रहे हैं। 59 साल की संगीता गृहिणी एवं समाजसेविका के रूप में सक्रिय हैं। वे पिछले दस सालों से राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रही हैं। 

आंगनवाड़ी वर्कर हैं मुरैना महापौर प्रत्याशी

मुरैना से भाजपा उम्मीदवार बनीं मीना जाटव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। महिला बाल विकास विभाग के अधीन सेवाएं दे रहीं मीना स्नातक और बीएसडब्ल्यू की डिग्री रखती हैं। भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के उपरांत वे अब कार्यकर्ता पद से इस्तीफा देकर चुनाव लडेंÞगी। 

दो बार पार्षद का चुनाव हारी हैं भोपाल महापौर प्रत्याशी

भोपाल की महापौर पद की प्रत्याशी मालती राय दो बार 1999 औह 2009 में पार्षद का चुनाव हार चुकी हैं। वे 2004 में पार्षद चुनीं गई थीं और 2014 में टिकट नहीं मिला था। पति पूर्व अशासकीय शिक्षक कर्मचारी नेता और पूर्व अतिरिक्त शासकीय अधिवक्ता, अपर लोक अभियोजक रह चुके हैं। राय 1980 से भाजपा और संघ में सक्रिय हैं और एमए. बीएड योग्यता रखती हैं। खेती और स्कूल संचालन की जिम्मेदारी भी कल्चुरी समाज से आने वाली 58 साल की मालती राय निभाती हैं। 

गुजराती पटेल हैं बुरहानपुर महापौर प्रत्याशी

बुरहानपुर से कैंडिडेट बनाई गई माधुरी अतुल पटेल 54 साल की हैं और पाटीदार गुजराती जाति से हैं जो एमपी में पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आता है। बीए तक शिक्षित माधुरी पूर्व जिला उपाध्यक्ष, भाजपा रह चुकी हैं और गृहिणी की भूमिका में हैं। बुरहानपुर की अनारक्षित महिला सीट पर उन्हें ओबीसी होने के बाद भी प्रत्याशी बनाया गया है। 

टीचर हैं कटनी महापौर उम्मीदवार

कटनी से भाजपा महापौर की उम्मीदवार बनाई गईं ज्योति दीक्षित ब्राह्मण हैं और शिक्षिका के रूप में कटनी में कार्यरत हैं। वे महामंत्री महिला मोर्चा हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र चुनाव में सचिव पद पर निर्वाचित रह चुकी हैं। 2010 और 2015 में हुए निगम चुनाव में दो बार वे पार्षद और एमआईसी सदस्य भी रही हैं। 

संघ से बचपन से जुड़े हैं जबलपुर महापौर प्रत्याशी

डॉ. जितेन्द्र जामदार अस्थि रोग विशेषज्ञ हैं। बाल्यकाल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक हैं। माताजी उर्मिला ताई विश्व हिन्दू परिषद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थीं जो स्व. अशोक सिंघल तथा स्व. विष्णु हरि डालमिया के साथ राम जन्मभूमि आंदोलन में प्रारंभ से अग्रणी भूमिका में थीं। डॉ. जितेन्द्र जामदार ने संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वाह वर्ष 2000 से 2013 तक किया। कई सालों तक जबलपुर महानगर के संघचालक रहे। विभाग संपर्क प्रमुख और फिर प्रांत संपर्क प्रमुख के दायित्व पर रहे।

अनारक्षित सीट पर टिकट पाई है विश्वकर्मा ने

चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा बीए प्रथम वर्ष तक पढ़े हैं। वे नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड 31 के पार्षद पद वर्ष 2014 में चुनाव जीतकर नगरपालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। भाजपा ने सिंगरौली की अनारक्षित सीट पर चंद्रप्रताप को टिकट दिया है। 

संगठन में हैं सक्रिय, सरपंच रह चुकी हैं अमृता

खंडवा जिला महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष अमृता यादव को बीजेपी ने खंडवा महापौर प्रत्याशी बनाया है। एमए, राजनीति शास्त्र की शिक्षा प्राप्त अमृता 37 साल की हैं और सरपंच ग्र्राम पंचायत बिलाखेडी तहसील मुंगावली जिला अशोकनगर की जिम्मेदारी का निर्वहन भी कर चुकी हैं। 

बैरवा समाज के हैं टटवाल

उज्जैन महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल बैरवा अनुसूचित जाति में आते हैं। 48 साल के टटवाल बीए, आईटीआई डिप्लोमा रखते हैं। इनका व्यवसाय विद्यालय संचालन, समाजसेवा है और वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष, अजा मोर्चा, भाजपा की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं