गंजालेश्वर आश्रम के सेवादार की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 5 गोवंश कटने के मामले में पुलिस कर रही थी पूछताछ
हरदा । जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में गंजालेश्वर आश्रम के सेवादार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि पुलिस की लगातार पूछताछ और मानसिक दबाव से परेशान होकर उसके पिता ने थाने में जहर खा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गंजालेश्वर आश्रम के पास रेलवे ट्रैक पर 5 गोवंश कटने के मामले में पुलिस जांच कर रही थी। इसी सिलसिले में आश्रम से जुड़े लोगों और सेवादारों से लगातार पूछताछ की जा रही थी। मृतक रामदास को भी शनिवार दोपहर थाने बुलाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि कई दिनों से पुलिस द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। बेटे का कहना है कि पिता पूछताछ से बेहद तनाव में थे और शनिवार को थाने में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोपहर 2.30 बजे थाने से गए, रात 8 बजे बाद जहर खा लिया
एसडीओपी आकांक्षा तलैया समेत पूरी पुलिस अमला खुद के बचाव में जुट गया है। एसडीओपी का कहना है रामदास को पूछताछ के लिए बुलाया था, शनिवार दोपहर 2.30 बजे पूछताछ के बाद रूखसत कर दिया। शाम 4 से 5 बजे रामदास टिमरनी के न्यू मार्केट में घूमने की जानकारी लगी। वहीं रात 8 बजे सूचना मिली कि किसी ने जहर खा लिया। जब टिमरनी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो देखा कि रामदास थे, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लेकर आए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया।
सेवादारों से की एसपी शशांक ने पूछताछ
आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम पुलिस ने शनिवार को भी सेवादारों को पूछताछ के लिए बुलाया। एसपी शशांक भी पूछताछ के लिए पहुंचे। रामदास के बेटे ने आरोप लगाया कि एसपी ने भी उनसे पूछताछ की। पुलिस के द्वारा पिछले 4 दिनों से उन्हें लगातार पूछताछ के बहाने प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस सुबह 11 बजे कार में बैठाकर पूछताछ के बहाने ला रही थी और रात के 12 बजे तक पूछताछ कर रही थी। जबकि उसके पिता घटना के दिन वहां मौजूद ही नहीं थे। वहीं उसके पिता ने कहा कि उन्होंने हमेशा गाय की सेवा की और पुलिस कलंक लगा रही है। इससे भी वह डरे हुए थे।
घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। इस घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली और पूछताछ के तरीके पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ