प्रदेश की पहली फसल ओ.पी.डी हरदा जिले में खुली
कृषि मंत्री श्री पटेल ने किया शुभारम्भ
हरदा। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल द्वारा 37.12 लाख रूपये की लागत से निर्मित कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। चिकित्सालयो में स्थित ओ.पी.डी. की तरह ही कृषको को उनकी फसल में लगने वाले कीट एवं व्याधि की पहचान तथा उपचार के उद्देश्य से जिले के कोलीपुरा में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में प्रदेश की प्रथम ओ.पी.डी. का उद्घाटन मंत्री श्री कमल पटेल द्वारा 26 जनवरी को कृषको की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम में स्मृति स्वरूप पौधारोपण कर किया गया। इसी प्रकार प्रदेश के सभी जिलो में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्रो को भी ओ.पी.डी. प्रांरभ करने के निर्देश प्रसारित किए गए। ओ.पी.डी. के उद्घाटन के अवसर पर कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) द्वारा कृषक, वैज्ञानिक एवं कृषि प्रसार कार्यकर्ता इंटरफेस का आयोजन किया गया था। इसी परिचर्चा में मंत्री श्री कमल पटेल द्वारा भी सहभागिता की गई।
उपस्थित कृषक समूह को संबोधित करते हुए अवगत कराया गया कि, आपकी फसल कीट या रोग से ग्रसित हो जाये तो, प्रभावित फसल का फोटो लेकर व्हाट्स एप्प के माध्यम से फसल ओ.पी.डी. के निर्धारित नम्बर पर भेज देवें, वैज्ञानिको द्वारा उसका अवलोकन एवं अध्ययन कर आपको उसका निदान अर्थात् कौन सी कीटनाशक औषधि या फंफूदनाशक का छिड़काव, कितनी मात्रा में, कब तथा कैसे करना है, उसकी जानकारी तत्काल व्हाट्स एप्प के माध्यम से भेज दी जावेगी। यदि कृषक भाई रोग ग्रसित अथवा कीट प्रकोपित फसल का नमूना लेकर आते है, तो समक्ष में उनको उसका निदान बताया जावेगा।
यह व्यवस्था प्रदेश में पहली बार हरदा जिले से प्रांरभ की जा रही है। मंत्री श्री पटेल द्वारा कृषि वैज्ञानिको एवं कृषि विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया गया कि, प्रत्येक गांव में पूर्व सूचना देकर किसान चौपाल का आयोजन करे तथा कृषको को उनके ही गांव में कृषि एवं फसलो में लगने वाले कीट-व्याधि से संबंधित समस्याओ का समाधान करें।
मंत्री श्री पटेल ने कृषको से अनुरोध किया कि, जब आपके गांव में किसान चौपाल का आयोजन हो तो, अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी कृषि संबंधी समस्याओ का समाधान करे। मंत्री श्री पटेल द्वारा वैज्ञानिको एवं कृषि अधिकारियो को इस संबंध में कैलेण्डर तैयार करने के भी निर्देश दिए गए है। मंत्री श्री पटेल द्वारा भारत सरकार द्वारा पारित तीनो कृषि सुधार बिलो के संबंध में भी संक्षिप्त जानकारी दी गई।
मंत्री श्री पटेल द्वारा कृषको से अनुरोध किया गया है कि, वर्तमान में की जा रही रासायनिक खेती को धीरे-धीरे जैविक खेती में अंतरित करना होगा तभी हम अपनी धरती माता की उर्वरता को बचा पायेगें और यही सच्चे मायने में धरती माता की सेवा होगी। मंत्री जी द्वारा कृषको को गौ-वंश पालन हेतु भी प्रोत्साहित किया गया।

0 टिप्पणियाँ