Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा में विधायक और दलित संगठन नेता के बीच विवाद, एएसपी से की गई शिकायत

हरदा। जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के नेता राहुल पवारे ने विधायक डॉ. आर.के. दोगने के खिलाफ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को शिकायत सौंपते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया है। पवारे का कहना है कि विधायक ने धरना-प्रदर्शन के दौरान उन्हें “दलाल” कहकर संबोधित किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। हालांकि इस पूरे मामले पर विधायक दोगने ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

जिला अस्पताल परिसर में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, रविवार को जिला अस्पताल परिसर में एक आदिवासी युवक रामदास कोरकू की मौत के मामले को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। परिजन आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बताया गया कि रामदास कोरकू को गौवंश से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए पुलिस टिमरनी लाई थी, जहां कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने के बाद उनकी मौत हो गई।

धरना स्थल पर मौजूद अनुसूचित जाति-जनजाति युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल पवारे भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी विधायक डॉ. आर.के. दोगने से बहस हो गई।

सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप

राहुल पवारे ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर विधायक से सवाल किया था। इसी बात पर विधायक नाराज हो गए और कथित तौर पर उन्हें अपमानजनक शब्द कहे। पवारे का दावा है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।

जातिगत टिप्पणी का भी लगाया आरोप

पवारे ने आरोप लगाया कि विधायक उन्हें एक दलित सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जानते हैं, इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया। उन्होंने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पवारे ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About