Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस के रुप में मनेगी बिरसा मुंडा की जयंती

जनजातीय गौरव दिवस के रुप में मनेगी बिरसा मुंडा की जयंती ....


राजधानी भोपाल में होगा भव्य आयोजन, 2 लाख आदिवासी जुटेंगे

अनूपपुर, मंडला और धार में होंगे शासकीय स्तर पर भव्य आयोजन

लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल। बिरसा मुंडा की जयंती इस बार राज्य सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रुप में मनाएगी। इस मौके पर राजधानी भोपाल में महासम्मेलन का आयोजन करेगी। इस आयोजन में प्रदेश भर के आदिवासी अंचलों के दो लाख लोगों को भोपाल में जुटाया जाएगा वहीं प्रदेश के जाजातीय बाहुल्य तीन जिलों में संभाग स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

भोपाल में होने जा रहे महासम्मेलन में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे वही जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में राज्य सरकार के मंत्री मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे। जनजातीय गौरव दिवस के रुप में जो संभागस्तरीय कार्यक्रमो की कड़ी में अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ में दस नवंबर को संभाग स्तरीय आयोजन होगा। मंडला जिले में 11 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा धार जिले के कुक्षी में 12 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनापा जाएगा। जनजातीय कार्य विभाग ने धार, अनूपपुर और मंडला जिले के कलेक्टरों को यहां जनजातीय गौरव दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए है।

मुख्य आयोजन भोपाल में जुटेंगे 2 लाख लोग -

बिरसा मुंडा के जन्म दिवस पर भोपाल में 15 नवंबर को आयोजित जनजातीय महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे है। भोपाल के जंबूरी मैदान पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्किल सेल मिशन के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा उर्जा साक्षरता मिशन का शुभारंभ करेंगे। मुख्य आयोजन में गायक कैलाश खेर और चेन्नई पारंपरिक मांदल पर शिवमणी की प्रस्तुति भी यहां की जाएगी। भोपाल मे जबूरी मैदान पर होने वाले जनजातीय महासम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से दो लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को लाया जाएगा। इस आयोजन में आदिवासियों की गोंड, भील, कोल, सहरिया जनजातियों के लोगों को काफी संख्या में लाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं