Breaking News

जनजातीय कला को बढ़ावा, CM ने किया 5 लाख रुपए का संग्राम शाह पुरस्कार का ऐलान...

जनजातीय कला को बढ़ावा, CM ने किया 5 लाख रुपए का संग्राम शाह पुरस्कार का ऐलान...

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में जनजातीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के काम में सरकार पूरा सहयोग करेगी। जनजातीय संग्रहालय इसके लिए काम कर रहा है। इसके साथ ही सरकार ने तय किया है कि जो भी कलाकार जनजातीय कला और संस्कृति में अव्वल होंगे उन्हें हर साल पांच लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार राजा संग्राम शाह के नाम पर दिया जाएगा। 


राजधानी के जनजातीय संग्रहालय में जनजातीय रणबांकुरे चित्र वीथिका के लोकार्पण और संवाद समारोह में सीएम चौहान ने ये ऐलान किया है। उन्होंने करीब सात सौ कलाकारों की टीम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजातीय कलाकार सरकार के अतिथि हैं। भोपाल और पूरा प्रदेश इस समय जनजातीय रंगों में रंगा है। भाजपा की सरकार जनजातीय परिवारों की जिन्दगी बदलने का अभियान चला रही है। सभी को प्रदेश के विकास में बराबर का भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने जनजातीय समाज के रणबांकुरों का जिक्र अपने संबोधन में करते हुए उनकी गौरव गाथा का बखान भी किया। इस मौके पर रानी कमलापति के जल जौहर का जिक्र भी उन्होंने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय समाज के हित में अनेक योजनाओं की शुरुआत करने वाले हैं। इसके बाद समाज के विकास में तेजी आएगी। 

नृत्य पर झूमे शिवराज

जनजातीय कला पर आधारित कार्यक्रम में सीएम शिवराज संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों के साथ जनजातीय नृत्य में झूमे और नाचे। इस दौरान गोंड, भील, बैगा, सहरिया समेत अलग अलग जनजातीय समाज के कलाकारों के बीच पहुंचकर उनके पारंपरिक नृत्य और वाद्य यंत्र बजाए और उनके कार्यक्रम में सहभागी बने। 

जम्बूरी मैदान, बीयू और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

सीएम चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के सभा स्थल जम्बूरी मैदान पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को देखा और सुरक्षा और अन्य कार्यक्रमों में मद्देनजर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर व्यवस्था में बदलाव कराए। इसके पहले वे बरकत उल्ला विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड और पीएम मोदी द्वारा लोकार्पित किए जाने वाले वर्ल्ड क्लास रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने भी पहुंचे। सीएम चौहान ने स्टेट कंट्रोल कमांड सेंटर लाल परेड जाकर वहां की व्यवस्थाएं भी देखीं। 

सिंधिया और रेलमंत्री भी रहेंगे मौजूद

कल होने वाले कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी के साथ सभा स्थल पर मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और उनकी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अश्विनी कुमार वैष्णव, वीरेंद्र कुमार खटीक, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते भी शामिल होंगे। 

तोमर के साथ शामिल होंगे भूमिपूजन में

 मुख्यमंत्री चौहान आज केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हिन्दू दर्शन शोध संस्थान का वर्चुअल भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। रविन्द्र भवन में यह आयोजन भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व सांसद स्व. कैलाश सारंग की प्रथम पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व सहसर कार्यवाह सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं