Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मलेशिया में हरदा जिले की मना मंडलेकर का शानदार प्रदर्शन, भारत के लिए कांस्य पदक

हरदा जिले के टिमरनी तिनका सामाजिक संस्था के लिए गर्व का क्षण है कि संस्था की CEO एवं सचिव मना मंडलेकर ने मलेशिया में आयोजित 15वीं साइलेंट नाइट इंटरनेशनल कराटे कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सीनियर महिला टीम कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। साथ ही उन्होंने -55 किलोग्राम भार वर्ग में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

यह प्रतियोगिता 17 से 19 अप्रैल 2026 तक मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित टिटिवांग्सा स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें भारत, मलेशिया, श्रीलंका, सिंगापुर और चीन सहित कई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। मना ने मलेशिया और सिंगापुर की मजबूत टीमों के खिलाफ शानदार मुकाबले खेलते हुए अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

टीम के मुख्य कोच किर्थन कोंडु के मार्गदर्शन में मना ने कड़े संघर्ष के बीच यह सफलता हासिल की। पिछले दो वर्षों से मलेशिया में कठिन चुनौतियों का सामना करने के बाद इस बार उन्होंने दमदार वापसी करते हुए पदक अपने नाम किया।

कराटे प्रशिक्षक रितेश तिवारी ने कहा, “मना की यह जीत उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। वह पहले भी कई बार देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।”

गौरतलब है कि मना की उपलब्धियों को देखते हुए पूर्व में सचिन तेंदुलकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनकी सराहना कर चुके हैं। संस्था ने कहा कि यह सफलता ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा है और तिनका का मिशन उन्हें सशक्त बनाना जारी रखेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About