हरदा (सार्थक जैन)। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में जिले में यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने मॉडिफाईड सायलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान जांच में दो बुलेट मोटरसाइकिलों में नियमों के विरुद्ध लगाए गए मॉडिफाईड सायलेंसर पाए गए। इन सायलेंसरों से अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न होकर ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
यातायात पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों से मॉडिफाईड सायलेंसर जब्त कर लिए तथा मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 4,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्माता कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सायलेंसर का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार के अनधिकृत संशोधन से बचें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ