Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा शहर की अव्यवस्थाओं पर व्यापारियों ने सौंपा कलेक्टर ओर एसपी को ज्ञापन, कारोबार 40% प्रभावित होने का दावा

हरदा । कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) हरदा इकाई ने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने आरोप लगाया है कि शहर में अनावश्यक नाकेबंदी, अघोषित विद्युत कटौती और बदहाल यातायात व्यवस्था के कारण व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।

कैट जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने ज्ञापन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शहर के चारों ओर पुलिस द्वारा लगातार नाकेबंदी और चालानी कार्रवाई की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूर एवं आम उपभोक्ता हरदा बाजार आने से बच रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि इससे बाजार में ग्राहकों की संख्या घट रही है और कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

व्यापारियों ने अघोषित बिजली कटौती को भी बड़ी समस्या बताया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली बंद रहने से घरों के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। साथ ही मेंटेनेंस के नाम पर होने वाली कटौतियों से भी परेशानी बढ़ रही है।

ज्ञापन में शहर की यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। व्यापारियों के अनुसार घंटाघर चौराहा, बस स्टैंड तिराहा, सब्जी मंडी रोड, मेन बाजार और नया बाजार क्षेत्र सहित कई प्रमुख स्थानों पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है। उनका आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस जाम नियंत्रण के बजाय चालानी कार्रवाई पर अधिक ध्यान दे रही है।

CAIT ने दावा किया है कि इन समस्याओं के कारण शहर का व्यापार लगभग 40 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है। संगठन ने प्रशासन से अनावश्यक नाकेबंदी समाप्त करने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा चिन्हित स्थानों पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।

ज्ञापन देते समय जिला अध्यक्ष सरगम जैन, महामंत्री राजेश अग्रवाल, संजय पाटनी, शुभम बंसल, सचिन अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे । संगठन ने जनहित एवं व्यापारी हित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About