हरदा। सिटी कोतवाली क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक रेलवे कर्मचारी ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेलवे में पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत कुलदीप नागराज ने शनिवार सुबह अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मघाती कदम उठा लिया। देखते ही देखते आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। उसकी पत्नी ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत पर निगरानी शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद कुलदीप ने यह खतरनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे कॉलोनी में हुई इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ