हरदा/टिमरनी। टिमरनी नगर की तवा कॉलोनी स्थित सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 27 वर्षीय नवविवाहिता अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका दीपिका दमाडे की शादी इसी वर्ष 7 अप्रैल को दुर्गेश दमाडे से हुई थी। शादी को अभी एक माह से कुछ अधिक समय ही बीता था कि यह दुखद घटना सामने आ गई। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 4:30 बजे दीपिका ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब उसकी सास ने चाय के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांककर देखा गया, जहां दीपिका फंदे पर लटकी दिखाई दी। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। आनन-फानन में दरवाजा तोड़ा गया और उसे नीचे उतारकर शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा तलया और थाना प्रभारी मुकेश गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शादी के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ