Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, 54.76 ग्राम एमडी पाउडर सहित दो आरोपी गिरफ्तार


हरदा (सार्थक जैन/स्वासिक गंगवाल)। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली हरदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 54.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर (मेफेड्रोन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जून 2026 को कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान कैदी ढाबा के सामने रात्रि के समय एक संदिग्ध सुजुकी फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP-04 YS-4731 खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार में बैठे दो व्यक्तियों की तलाशी एवं पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 54.76 ग्राम एमडी पाउडर (मेफेड्रोन) बरामद किया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 15 लाख 50 हजार रुपये है।

पूछताछ के दौरान आरोपी रामेश्वर मुड़ेल ने कार की पिछली सीट के नीचे 69 हजार 500 रुपये नगद छिपाकर रखने की जानकारी दी, वहीं दूसरे आरोपी विनोद यादव उर्फ बबलू यादव ने चालक सीट के पीछे कवर के अंदर 43 हजार 200 रुपये नगद छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 12 हजार 700 रुपये नगद भी जप्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

1. रामेश्वर पिता रामभरोस मुड़ेल, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम गोयत, थाना टिमरनी, जिला हरदा।

2. विनोद पिता कोदर यादव उर्फ बबलू यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम रोलगांव, थाना सिराली, जिला हरदा।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्रमांक 408/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में मारपीट से संबंधित प्रकरण भी दर्ज हैं।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक हरिप्रसाद पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय, सजन राजपूत, नीलेश पटेल, साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार एवं लोकेश सातपुते की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About