पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान दुर्गाबाई (22) पत्नी हेमराज के रूप में हुई है। उसका पति हंडिया बैराज में मजदूरी का कार्य करता है। रविवार सुबह वह रोजाना की तरह काम पर चला गया था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह घर लौटा तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद वह वापस काम पर चला गया।
इसी दौरान मौसम खराब होने से तेज आंधी चली, जिससे मकान का दरवाजा खुल गया। दरवाजा खुलने पर आसपास के ग्रामीणों ने देखा कि महिला का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आर.पी. कवरेती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय हरदा भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ