● समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग को लेकर
● भारतीय किसान संघ का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा द्वारा समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए संगठन द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार को अवगत कराया गया। इसके पश्चात संगठन के प्रतिनिधि मंडल द्वारा भोपाल जाकर मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल से मुलाकात कर समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग सहित किसानों की अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। जिस पर कृषि मंत्री जी के द्वारा भारतीय किसान संघ को आश्वस्त किया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा शीघ्र ही समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी की जाएगी। इसके लिए 4 जून से पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया था। परंतु 2 माह बीत जाने के बाद भी न तो अभी तक किसानों का पंजीयन हुआ ना ही समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी शुरू हुई।
किसानों को उठाना पड़ रहा नुकसान – मंडियों में मूंग की बिक्री समर्थन मूल्य से 2 से ₹3 हजार रुपए प्रति कुंटल नीचे होने लगी है। किसानों का सीधे तौर पर शोषण हो रहा है। जिसके कारण किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष आनंदराम किरार ने कहा कि समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी सहित किसानों की अन्य 12 मांगों को लेकर यह अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन शुरू किया गया है।
आवाज दबाने का प्रयास- संगठन के जिला मंत्री भगवानदास गौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों की आवाज को दबाने की दृष्टि से इस किसान आंदोलन हेतु अनुमति को 1 दिन पूर्व देर रात निरस्त की गई एवं संगठन को अवगत कराया गया कि अगर इस स्थिति में आप आंदोलन करेंगे तो आप पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन के इस किसान विरोधी रवैया के कारण भारतीय किसान संघ एवं किसानों में रोष व्याप्त है। धरना स्थल पर दोपहर 2:00 बजे हरदा एसडीएम हरिसिंह चौधरी किसानों के बीच पहुंचे, जिनके द्वारा धरना आंदोलन स्थगित करने की बात कही गई। परंतु संगठन के सभी कार्यकर्ताओं के द्वारा यह निर्णय लिया गया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं की जाती तब तक हमारा यह धरना आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। आज के इस धरना कार्यक्रम में जिले के प्रभारी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र सिंह भामू, प्रांतीय महामंत्री चंद्रकांत गौर, प्रांतीय मंत्री नरेंद्र दोगने, संभागीय अध्यक्ष शैतान सिंह राजपूत, हरिशंकर सारण हरदा तहसील अध्यक्ष बालकदास छापरे, राजेंद्र बांके ,रामकृष्ण मुकाती, विनोद पाटिल, राजनारायण गौर, बालकृष्ण मलगाएं, जगदीश पटेल, हरिओम गौर दीपचंद नाबाद ,लोकेश गौर, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मंगलवार को टिमरनी तहसील के कार्यकर्ता धरने में शामिल होंगे।
0 टिप्पणियाँ