गणतंत्र दिवस पर प्रशासन ने किया भेदभाव पूर्ण सम्मान
सामाजिक संगठनों में रोष, ज्ञापन देकर भविष्य में ध्यान रखने का किया निवेदन
हरदा। जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस पर चुनिंदा सामाजिक संगठनों को प्रमाण पत्र वितरण के भेदभावपूर्ण तरीके का विरोध किया गया है। इस आशय का एक ज्ञापन करुणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर समिति सदस्यों ने सोमवार को जिलाधीश कार्यालय में दिया। सौपे ज्ञापन में बताया गया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में चुनिंदा व्यक्तियों एवं सामाजिक संगठनों को प्रमाण पत्र वितरित किये गए। वितरण की प्रक्रिया नियम विरुध्द रही।जिला प्रशासन द्वारा चुनिंदा सामाजिक संगठनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं जो कि अन्य सामाजिक संगठनों के साथ राष्ट्रीय कार्यक्रम में भेदभावपूर्ण रवैया है।
ज्ञापन में बताया गया कि करुणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर समिति सदस्यों द्वारा कोरोना काल मे गरीब एवं बेसहारा परिवारों को भोजन एवं अनाज मुहैया कराया गया,वहीं समिति सदस्यों द्वारा पौधरोपण सहित समाज हित के कामो में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की जाती रही है। जिला प्रशासन द्वारा अपनाए गए पक्षपात पूर्ण रवैये से सदस्यो का मनोबल टूटता प्रतीत हो रहा है। ज्ञापन के माध्यम से भविष्य में भेदभाव नही करने की बात कही गई है। ज्ञापन सौपते समय करुणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश पाराशर, डॉ अनिल मुकाती, नवनीत शुक्ला सहित समिति सदस्य उपस्थित थे।
गौरतलब है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर मनमाने तरीके से किये गए सम्मान को लेकर जिले के पत्रकारों, शासकीय कर्मचारियों के साथ ही अन्य संगठनों ने रोष व्याप्त करते हुए चयन प्रक्रिया पर अंगुली उठाई थी जिस पर कलेक्टर ने गलत चयन होना स्वीकार किया था।

0 टिप्पणियाँ