Hot Posts

6/recent/ticker-posts

“अब आधार सेवाओं के लिए नहीं होगी परेशानी : हरदा मुख्य डाकघर में दो दिवसीय विशेष शिविर 25 एवं 26 मई को”


सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक होंगे आधार नामांकन एवं अपडेट कार्य, शहरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

हरदा। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही आधार संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु भारतीय डाक विभाग द्वारा हरदा मुख्य डाकघर में आधार सेवा केंद्र का सफल संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिनांक 25 मई एवं 26 मई 2026 को विशेष आधार नामांकन एवं अपडेशन शिविर अभियान आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत नए आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, पता संशोधन, जन्मतिथि सुधार एवं अन्य आवश्यक आधार संबंधी कार्य किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर आधार सेवाएं उपलब्ध होने से अब नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित इस सुविधा से शहर एवं आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को काफी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पहले आधार अपडेट करवाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था अथवा अन्य शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय एवं आर्थिक नुकसान दोनों होते थे। अब हरदा मुख्य डाकघर में ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिलने से आमजन को बड़ी सहूलियत प्राप्त हो रही है।

इस संबंध में उपडाकपाल अरविंद कुमार जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में लगातार आधार अपडेट से जुड़ी शिकायतें एवं परेशानियां सामने आ रही थीं। नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए डाक विभाग द्वारा यह विशेष पहल की गई है, ताकि लोगों को सरल, सुगम एवं भरोसेमंद सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि आधार संबंधी कार्य कराने हेतु आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचे, जिससे नामांकन एवं अपडेशन प्रक्रिया सुगमता एवं शीघ्रता से पूर्ण की जा सके।

उल्लेखनीय है कि हरदा मुख्य डाकघर में आधार सेवाओं के अतिरिक्त पार्सल सेवा, स्पीड पोस्ट बुकिंग, सुकन्या समृद्धि खाता, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, डाक जीवन बीमा, गंगाजल वितरण एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, मातृत्व योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। भारतीय डाक विभाग की यह पहल निश्चित रूप से आमजन के लिए राहत एवं सुविधा का बड़ा माध्यम बनकर सामने आई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About