Hot Posts

6/recent/ticker-posts

फौती नामांतरण का कोई भी प्रकरण लंबित न रहें : कलेक्टर

● राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

हरदा 06 जून 2020/कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लॉकडाऊन के चलते कार्यालयीन काम बाधित हुआ है। इस दौरान फौती नामांतरण के प्रकरण भी लंबित हुए होंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी 1 माह के अंतर्गत अभियान चलाकर अविवादित फौती नामांतरण के सभी प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। पहले 1 सप्ताह में पटवारियों द्वारा गांवों में बी 1 का वाचन कर नामांतरण के प्रकरण निकलवाएं। राजस्व अधिकारियों के अगली बैठक तक इस प्रकार का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने राजस्व न्यायालयों में लंबित विभिन्न श्रेणी के प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी जिले में वृक्ष बैंक विकसित करने के उद्देश्य से अगले एक सप्ताह में ग्रामों में भूमि चिन्हांकित करें। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग से समन्वय स्थापित करें।

      कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को भी शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण आबादी भूमि सर्वे के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की टीम द्वारा ड्रोन द्वारा यह सर्वे किया जाना है। इससे पूर्व जिले में  पूरी तैयारी होनी चाहिए। सभी एसडीएम पटवारियों एवं सचिवों की संयुक्त बैठक बुलाकर उन्हें इस कार्य के संबंध में बताएं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए 2-3 शिफ्ट में बैठक बुलाएं। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के कार्य में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए।

      कलेक्टर श्री वर्मा ने कोरोना वायरस संक्रमण के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने क्षेत्रों में किसी भी स्थान पर भीड़ न लगने दें। बाजारों में लगातार अनाउंसमेंट करवाएं। मास्क न लगाने वालों पर कार्यवाही करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिलीप कुमार यादव ने कहा कि सभी विकासखंडों में 15-15 गौशालाओं के लिए ज़मीन का चिन्हांकन किया जाना  है। प्राथमिकता से इस कार्य को करवाएं। अपर कलेक्टर डॉ प्रियंका गोयल ने आबादी भूमि सर्वे के संबंध में जानकारी दी। बैठक में समस्त राजस्व अधिकारी उपस्थित रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About