Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अजनाल नदी में मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरी, 14 वर्षीय दर्शन खोखर की दर्दनाक मौत

डीजल खत्म होने के बाद ढलान पर लुढ़का ट्रैक्टर, नदी में दबने से गई जान

हरदा। जिले के नीमगांव और झाड़पा गांव के बीच बहने वाली अजनाल नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मक्का उपज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी के रपटे से फिसलकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में झाड़पा निवासी किसान सूरज खोखर के 14 वर्षीय छोटे बेटे दर्शन खोखर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान सूरज खोखर का खेत पास के गांव नीमगांव में है, जहां इन दिनों मक्का की कटाई का कार्य चल रहा था। किसान का ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का भरकर खेत से झाड़पा गांव स्थित घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अजनाल नदी के रपटे की ढलान पर ट्रैक्टर का डीजल अचानक खत्म हो गया। ड्राइवर ट्रैक्टर को वहीं रोककर डीजल लेने चला गया।

बताया जा रहा है कि उस समय किसान का बेटा दर्शन ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। तभी ढलान होने के कारण ट्रैक्टर अचानक आगे बढ़ गया और अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। हादसे के दौरान दर्शन ट्रैक्टर के नीचे दब गया। नदी में पानी का स्तर भी अधिक होने से उसे संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर को हटाया और दर्शन को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर घटना की विवेचना की जा रही है। इधर, युवक के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार शाम करीब पांच बजे शहर के मुक्तिधाम में दर्शन का अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचितजन मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About