Breaking News

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुज जैन ने लिया आचार्यश्री विद्यासागर का आशीर्वाद

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुज जैन ने लिया आचार्यश्री विद्यासागर का आशीर्वाद

सिद्धोदय सिद्ध क्षेत्र ट्रस्ट ने किया अभिनंदन


नेमावर/हरदा
- हाल ही में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित हरदा के अनुज जैन आचार्यश्री विद्यासागर जी के दर्शन कर आशीर्वाद लेने नेमावर पहुंचे।

जैन समाज हरदा के ट्रस्टी राजीव रविन्द्र जैन (पटवारी) ने बताया कि अनुज ने दक्षिण कोरिया में 13 वें इंटरनेशनल अर्थ साइंस ओलंपियाड की तीन विशिष्ट प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। यह उपलब्धि किसी भी भारतीय के लिए पहली बार थी। अनुज को ज्ञानार्जन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया गया।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुज जैन से चर्चा करते हुए इस गौरवशाली उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए मार्गदर्शन भी दिया। मोदी ने अनुज को आगे बढ़ने के लिए तीन सूत्र भी दिए। 

राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिलने के बाद अनुज जैन आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के दर्शनार्थ नेमावर पहुंचे। आचार्यश्री ने अनुज को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने और इसी तरह अपनी प्रतिभा से भारत का नाम गौरवान्वित करने का मंगल आशीर्वाद दिया। वहीं अनुज ने जीवन भर सात्विक और संस्कारित रहने का संकल्प लिया। अनुज की इस गौरवशाली उपलब्धि पर पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा, विधायक आशीष शर्मा सहित सिद्धोदय सिद्धक्षेत्र ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर संजय मैक्स, उपाध्यक्ष सुरेश काला, निर्माण समिति राजीव कटनेरा, कोषाध्यक्ष महेंद्र अजमेरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अनुज जैन को सम्मानित किया।

कोई टिप्पणी नहीं