Hot Posts

6/recent/ticker-posts

🔥 रात के अंधेरे में नहर पर डाका : लगभग 15 लोगों ने तोड़ी माचक नहर, पानी चोरी की बड़ी साजिश

हरदा । जिले के ग्राम मोहनपुर दुलिया में देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। अज्ञात लोगों ने सुनियोजित तरीके से माचक नदी के पास स्थित नहर को तोड़ दिया, जिससे पानी चोरी की बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।

रात 3 बजे दिया वारदात को अंजाम

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब रात 3 बजे की है, जब लगभग 15 लोगों का एक समूह मौके पर पहुंचा और नहर को नुकसान पहुंचाया। आशंका है कि नहर का पानी नदी के जरिए दूसरी दिशा में मोड़कर अवैध रूप से उपयोग करने की कोशिश की गई।

मौके से मिले सबूत, साजिश की पुष्टि

घटनास्थल से गैती का दस्ता, एक झोला, शराब की बोतलें, खाली पानी की बोतलें और ग्लास बरामद हुए हैं। ये सभी संकेत इस ओर इशारा करते हैं कि यह वारदात अचानक नहीं बल्कि पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई।

नहर विभाग अलर्ट, पानी किया गया कम

घटना की सूचना मिलते ही नहर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के लिए नहर का पानी कम कर दिया गया, ताकि और नुकसान को रोका जा सके।

किसानों में उबाल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पानी जैसी जीवनदायिनी संसाधन की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जांच जारी, आरोपी फरार

फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कब तक होता है और दोषियों तक कानून के हाथ कब पहुंचते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About