सतना। जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोग्राम को मुंह चिढ़ाता ट्रिपलेट प्रसव का एक और मामला सामने आया है। राहत की बात यह है कि सामान्य प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं, सभी को ऑब्जर्वेशन में पीएनसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। ज्ञात हो कि इससे पहले वर्ष 2025 के नवंबर माह में भी ट्रिपलेट प्रसव कराया गया था। जानकारी के मुताबिक कंचन सोनी पत्नी रमेश सोनी (34) निवासी उजनेही, थाना सलेहा जिला पन्ना को लेबरपेन होने के बाद परिजन 26 अप्रैल को पन्ना जिला अस्पताल ले गए थे। वहां जांच के दौरान गर्भ में 3 शिशुओं की बात सामने आने पर कंचन को सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया था। 27 अप्रैल को शाम तकरीबन साढ़े 7 बज कंचन को लेबररूम में भर्ती कराया गया।
*डेढ़ घंटे के अंतराल में 3 डिलीवरी*
लेबररूम में कंचन सोनी ने 10 बजकर 34 मिनट में पहले बच्चे को जन्म दिया। 10.45 बजे दूसरा बच्चा और 11 बजकर 57 मिनट में तीसरा बच्चा पैदा हुआ। तीनों शिशुओं का वजन क्रमश: 2 किलो, 2 किलो 300 ग्राम और 2 किलो 650 ग्राम है। पहले दो बेटे पैदा हुए, बाद में बेटी का जन्म हुआ। बताया गया है कि इससे पहले भी कंचन सोनी के 4 बच्चे हैं। जिनकी उम्र क्रमश: 11 वर्ष, 9, 7 और 5 वर्ष है। गर्भावस्था के 5 वें महीने में सोनोग्राफी के दौरान ही परिजन को ट्रिपलेट शिशु की जानकारी हो गई थी।
गायनी विभाग की एचओडी डॉ मंजू सिंह ने बताया कि ट्रिपलेट प्रसव के बाद तीनों शिशुओं के साथ मां भी स्वस्थ है। शिशुओं का औसत वजन भी ठीक है। सभी को पीएनसी वार्ड में भर्ती कर देखभाल की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ