हरदा। जिले में आज 28 अप्रैल को प्रस्तावित किसान महापड़ाव और किसान क्रांति आंदोलन को लेकर किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न किसान संगठनों ने जिले के सभी गांवों के किसानों से बड़ी संख्या में हरदा मंडी पहुंचने का आह्वान किया है। आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ आने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने किसानों से अपील की है कि वे अपने साथ आवश्यक सामान जैसे आटा, दाल, कंडे (ईंधन) तथा ओढ़ने-बिछाने की व्यवस्था लेकर आएं, ताकि आंदोलन को लंबे समय तक मजबूती के साथ जारी रखा जा सके। किसान नेताओं का कहना है कि गांव-गांव जाकर संपर्क किया गया, लेकिन समयाभाव के कारण कुछ गांव छूट गए। ऐसे में उन गांवों के किसानों से विशेष रूप से आग्रह किया गया है कि वे खुद जिम्मेदारी समझते हुए आंदोलन में शामिल हों।
किसान संगठनों ने साफ शब्दों में कहा है कि यह लड़ाई “आर-पार” की है और अपने हक-अधिकारों के लिए अब पीछे हटने का सवाल नहीं है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि किसानों के अधिकारों पर डाका डाला गया, तो उन्हें छीनना भी आता है।
साथ ही, आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। किसानों से निर्धारित मार्ग से ही हरदा मंडी पहुंचने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने की अपील की गई है। सुबह 10 बजे घर से निकलने, भोजन करके आने और पानी की व्यवस्था साथ रखने की सलाह भी दी गई है।
किसान नेताओं ने भरोसा दिलाया है कि हरदा मंडी में पहुंचने वाले सभी किसानों का स्वागत किया जाएगा और यह आंदोलन किसानों की एकजुटता की बड़ी मिसाल बनेगा।
किसान आंदोलन के चलते आज इंदौर रोड के ट्रैक्टर-ट्रॉली अबगांव अंडरपास से, खंडवा रोड की ओर से बायपास से मंडी पहुंचेंगे वाहन, नई ट्रैफिक व्यवस्था का रोड़मेप जारी किया प्रशासन ने
कृषि उपज मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम करने और किसानों को सुगम आवागमन सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस द्वारा नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है ।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी रूट चार्ट के अनुसार, इंदौर रोड की ओर से आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली अब अबगांव अंडरपास से होकर मंडी पहुंचेंगे। वहीं खंडवा रोड की दिशा से आने वाले वाहनों को बायपास मार्ग से मंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
*किसानों को मिलेगी राहत*
नई व्यवस्था लागू होने से मंडी क्षेत्र में जाम की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि इससे किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने में आसानी होगी और समय की बचत भी होगी।
*रूट पर रहेगी विशेष निगरानी*
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से मंडी क्षेत्र में भीड़ न करें।
*हेल्पलाइन नंबर भी जारी*
यातायात व्यवस्था से जुड़ी किसी भी असुविधा की स्थिति में नागरिक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 07577-222104 पर संपर्क कर सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ