Hot Posts

6/recent/ticker-posts

दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में लाने का राष्ट्रीय अभियान कैट ने किया शुरू


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “निर्भरता से सक्षमता की ओर” विज़न कैट एवं दिव्यांग संगठनों का संयुक्त अभियान

हरदा। देश में 5 करोड़ से अधिक दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और दिव्यांगजनों के अग्रणी संगठन आईडिया द्वारा कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित एक एबिलिटी कॉनक्लेव में दिव्यांगजनों को सक्षम बनाने हेतु एक ऐतिहासिक पहल की नींव रखी।

कैट के जिला अध्यक्ष सरगम जैन ने बताया कि इस अवसर पर दिव्यांगजनों को “सहायता के पात्र” नहीं, बल्कि “सामर्थ्य के केंद्र” के रूप में स्थापित करते हुए उन्हे बड़े पैमाने पर उद्यमिता से जोड़ने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की गई।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इस बड़े अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत की सामाजिक-आर्थिक संरचना में एक निर्णायक बदलाव के आह्वान की दिशा में देश के व्यापारी वर्ग का एक ठोस कदम है —जहाँ दिव्यांगजन जॉब सीकर्स नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर्स के रूप में उभरेंगे। कैट ने “निर्भरता से सक्षमता की ओर” और “मोबिलिटी से एबिलिटी” को इस अभियान का मूल मंत्र बनाते हुए देशभर में दिव्यांगजनों के लिए उद्यमिता का एक सशक्त इकोसिस्टम तैयार करने का संकल्प लिया है।

इसी दिशा में कॉनक्लेव में एक “100 एक्सीलरेटर्स प्रोग्राम” का शुभारंभ किया गया,जो दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण,कौशल विकास,वित्तीय सहयोग और बाज़ार से जोड़ने का कार्य करेगा।कैट ने कहा कि अब समय आ गया है कि देश दिव्यांगजनों के प्रति अपनी सोच बदले—सहानुभूति से आगे बढ़कर साझेदारी की ओर बढ़े। 

यदि भारत के पाँच करोड़ से अधिक दिव्यांगजनों को सही अवसर,तकनीक और बाज़ार उपलब्ध कराया जाए,तो वे देश की अर्थव्यवस्था में एक नई क्रांति ला सकते हैं।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “दिव्यांगजन” शब्द के माध्यम से देश को एक नई दृष्टि दी है—सम्मान, स्वाभिमान और अवसर की दृष्टि।उनके नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र अब दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में एक जनांदोलन का रूप ले रहा है। इस अभियान को और व्यापक स्वरूप देते हुए यह भी घोषणा की गई कि आगामी 12 से 15 अगस्त तक दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव में एक विशेष “एबिलिटी एक्सपो” का आयोजन किया जाएगा। 

यह एक्सपो दिव्यांग उद्यमियों के उत्पादों, कौशल और नवाचार को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा,साथ ही व्यापारिक संगठनों को सीधे उनसे जोड़कर उन्हें बाज़ार उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

कैट द्वारा देशभर में दिव्यांगजनों के लिए एक संरचित स्किल, डिजिटल और एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट मिशन भी चलाया जाएगा,जिससे उन्हें आधुनिक व्यापार,ई-कॉमर्स,डिजिटल मार्केटिंग और उत्पादन के नवीनतम साधनों से जोड़ा जा सके।कार्यक्रम में आईडिया के संस्थापक श्री मल्लिकार्जुन, प्रख्यात उद्यमी श्री अजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About